अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को सुबह 07 से 08 बजे तक मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 1,680 लोग योग करेंगे। स्टेडियम में बिना परिचय पत्र के एंट्री नहीं होगी। अंदर जाने के लिए अलग-अलग गेट पर व्यवस्था रहेगी।
विकास भवन सभागार में योग दिवस की तैयारियोें को लेकर विधायक रवि शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि 21 जून उमंग का दिन है। जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने कहा कि अनेक संगठन योग दिवस में प्रतिभाग करेंगे। इसमें लगभग 2,500 प्रतिभागी सूचीबद्ध हुए हैं। उन्होंने स्टेडियम के स्ट्रोटर्फ पर योग कराने का आश्वासन दिया। सभी को स्टेडियम में प्रवेश के लिए पास दिया जाएगा। स्टेडियम के गेट नंबर- 01 से वीआईपी प्रवेश, गेट नंबर- 02 से महिलाएं व बच्चे, गेट नंबर 03 वीरांगना होटल की ओर से पुरुषों को प्रवेश दिया जाएगा। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं मिल सकेगा। पतंजलि योग पीठ के श्याम बुधौलिया ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ला, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष प्रदीप सरावगी, रामतीर्थ सिंघल, संतोष साहू, शैलेंद्र प्रताप सिंह, अपर्णा दुबे, उदय सोनी, प्रदीप श्रीवास्तव, अंचल अड़जरिया उपस्थित रहे।
स्टेडियम में चला स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने ध्यानचंद स्टेडियम में सोमवार को साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने स्टेडियम और छात्रावास की सफाई व्यवस्था और योग दिवस की रिहर्सल देखी। योग दिवस पर होने वाले सीधे प्रसारण को लेकर डीआईओ दीपक सक्सेना ने बताया कि बीएसएनएल की नेट कनेक्टीविटी जोड़ दी गई और टेस्टिंग भी हो गई है। इस मौके पर एडीएम विजय बहादुर सिंह, नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया, नगर मजिस्ट्रेट सीपी तिवारी, आरएसओ आरपी सिंह, प्रोबेशन अधिकारी राजीव शर्मा उपस्थित रहे।
योग जागरूकता मशाल जुलूस निकाला
महारानी लक्ष्मीबाई पार्क से इलाइट चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की शाम को योग दिवस को लेकर मशाल जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोग बैनर और पोस्टर लेकर जागरूकता के नारे लगा रहे थे। जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने अगवानी की। मशाल जुलूस शाम 07 बजे निकाला गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. एनके पांडेय ने योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। इस अवसर पर एसएसपी जेके शुक्ला, सिटी मजिस्ट्रेट सीपी तिवारी, सीओ सिटी जंगबहादुर, बीएसए जय सिंह, सीएमओ डा. विनोद यादव समेत अजीत राय, रामकुमार लोहिया, मनमोहन गेड़ा, मिलन गुप्ता, सुनील द्विवेदी, मनोज मिश्रा, प्रदीप घोष, पवन श्रीवास्तव, शैलेंद्र श्रीवास्तव, संजीव त्रिपाठी मौजूद रहे।