क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमरौना में विधायक दिनेश चौधरी ने ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच व अवसर प्रदान करने के लिए हर ब्लॉक में ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण करा रही है। अमरौना में स्टेडियम निर्माण हो जाने से ग्रामीण क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को निखारने का अवसर उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं में कौशल विकास के लिए विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। हुनर रहेगा तो रोजगार के अवसर की कमी नहीं होगी। स्टेडियम की चहारदीवारी बनने के बाद पाथ वे, पार्क, योग स्थल, स्ट्रीट लाइट, बैडमिंटन कोर्ट बनाया जाएगा। बगल में स्थित तालाब का सुंदरीकरण किया जाएगा। विधायक ने स्टेडियम का नाम श्री गणेश राय स्टेडियम रखने की घोषणा की। इस मौके पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, प्रवीण सिंह बबलू, आरडी चौधरी, राम दयाल सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय प्रकाश सिंह, खंड विकास अधिकारी डॉ. छोटेलाल तिवारी, राज बहादुर सिंह बबलू उपस्थित थे। संचालन जेई मिथिलेश कुमार ने किया।