बदलापुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के कंधीकला गांव में बुधवार को दोपहर में चुनावी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक घर पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि लाठी डंडे के हमले में परिवार की महिलाओं समेत दस अन्य लोग घायल हो गए। दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवा में गोलियां दागते हुए बदमाश फरार हो गए। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसपी राजकरन, सीओ बदलापुर भी आसपास के थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने संतोष के छोटे भाई मनोज की तहरीर पर 11 नामजद व कई अज्ञात पर हत्या व बलवा का केस किया है। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कलछुली गांव के वर्मा बस्ती निवासी जवाहरलाल वर्मा और उनके परिवार के लोग बुधवार को दोपहर में घर पर थे। तभी 25 से 30 की संख्या में लाठी डंडों के साथ पहुंचे मनबढ़ों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। हमलावर जो जहां मिला उसे पीटना शुरू कर दिए। हमलावरों में से एक ने असलहे से फायर कर दिया। जिससे गोली जवाहर वर्मा के पुत्र संतोष वर्मा (35) को लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन संतोष को सीएचसी बदलापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। लाठी डंडे के हमले में साधना (19) पुत्री राकेश वर्मा, जवारहलाल (60), पिंटू (17), मिथिलेश (15), अभिषेक (13), हुबेदार (63), राजेश वर्मा (50), मंशा देवी (45), प्रकाश (53), अभिषेक द्वितीय (18) घायल हो गए। घायलों में साधना, जवाहर लाल, हुबेदार, राजेश वर्मा, मंशा देवी की हालत गंभीर देख सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले में घायल जवाहर लाल का आरोप है कि गांव निवासी अमित उपाध्याय की मां आशा देवी चुनाव लड़ी थीं। वह चुनाव हार गईं। वर्मा बस्ती के लोग उनका साथ नहीं दिए। जिससे खुन्नस खाए लोगों ने पहले मोबाइल पर धमकी दी। रात में भी वर्मा बस्ती पर हमला किया, लेकिन बस्ती के लोग जुट गए। जिससे हमलावरों को भागना पड़ा था। एसपी राजकरन नय्यर का कहना है कि पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने संतोष के छोटे भाई मनोज की तहरीर पर 11 नामजद व कई अज्ञात पर हत्या व बलवा का केस किया है। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।