जलालपुर। जौनपुर-वाराणसी हाईवे पर जलालपुर कस्बे में बीबनमऊ गेट के पास मंगलवार की रात सीमेंट लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गया। संयोग था कि उस वक्त आसपास कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। तेज रफ्तार ट्रैक्टर दुकान में घुसने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
मंगलवार की रात में करीब साढ़े बारह बजे ट्रैक्टर शाहगंज से सीमेंट लादकर सितमसराय जा रहा था। बीबनमऊ गेट के पास ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर दाहिनी तरफ जाकर ओंकार मौर्य के मकान से टकरा गया। जिससे मकान पूरी तरफ जमींदोज हो गया। मकान में लगे गार्डर, पटिया व मलबे से मिष्ठान भंडार का सारा सामान नष्ट हो गया। दुकान के पीछे वाले रूम में सो रहे गृह स्वामी व ट्रैक्टर चालक भी बाल-बाल बच गए। सूचना पर रात में पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक जिस मकान से ट्रैक्टर टकराया है, वह फोरलेन की जद में आता है। मुआवजे के लिए मकान मालिक ने मुकदमा कर रखा है। जिसकी वजह से वहां ठेकेदार ने सड़क की चौड़ाई छह फीट कम कर निर्माण करा दिया है।