महराजगंज। थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव में सोमवार की सुबह करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वह खेत की सिंचाई के लिए सबमर्सिबल पंप चालू करने गया था। एकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
फत्तूपुर गांव निवासी बृजेश सिंह मुन्ना का पुत्र प्रवीण उर्फ बंटी (18) सोमवार की सुबह घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित अपने खेत में सिंचाई करने गया था। सबमर्सिबल चालू करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजन उसे ढूंढने खेत में पहुंचे। वहां बंटी को पंप से चिपका देख सन्न रह गए। किसी तरह युवक को करंट से छुड़ाया गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रवीण माता-पिता का एकलौता पुत्र था। उसके निधन से मां आशा देवी, दादा नरेंद्र देव सिंह व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।