खेतासराय। क्षेत्र के खुदौली वन विहार के समीप आहिरों-परशुरामपुर मोड़ पर सोमवार की दोपहर दो बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार युवक भाग गया।
नौली गांव निवासी कैलाश का बेटा चंदन (20) अपने चचेरे भाई नितेश (16) के साथ बाइक से खुदौली स्थित गूजरताल जा रहा था। दोनों मनरेगा कार्य में लगी अपनी मां धनौता देवी और चाची रीता देवी के लिए भोजन पहुंचाने जा रहे थे। खुदौली वन विहार के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक लेकर सवार भाग गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया, जबकि नितेश का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बाइक सवार की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।