आग लगने के बाद बुझाने की कोशिश में लगे लोग। वीडियो ग्रैब
चंदवक। थाना क्षेत्र के बलरामपुर (उसरहिया) गांव में सोमवार की शाम पटाखे की चिंगारी से दो किसानों के तीन मड़हे जल गए। संकरे रास्ते के कारण फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने आग बुझाई। तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो गया था।
बलरामपुर गांव निवासी सुभाष यादव और भोला यादव ने घर के सामने ही पशुओं के रहने तथा चारा एवं गृहस्थी का सामान रखने के तीन बड़े मड़हे बना रखे थे। इसमें पशुओं को बांधने और उनके चारे आदि का सामान था। भोला यादव ने बताया कि सोमवार दिन में लगभग साढ़े तीन बजे गांव के कुछ बच्चे मड़हे के पास पटाखे जला रहे थे। भोला यादव ने एक दो बार बच्चों को भगाया भी। लेकिन कुछ देर बाद गांव के कुछ बच्चे फिर से पटाखे जलाने लगे। पटाखे की चिंगारी से मड़हे में आग लग गई। इसके बाद एक के बाद एक मड़हा जलने लगा। आसपास के ग्रामीणों और किसानों ने बाल्टी और सबमर्सिबल के पानी से आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी दी गई, लेकिन घनी बस्ती और संकरे रास्ते के कारण फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन सब कुछ जल चुका था। भोला यादव और सुभाष यादव ने बताया कि तीनों मड़हों में पशुओ का चारा, सूखे चारे के सैकड़ों गट्ठर, लोहे के बॉक्स में रखे कपड़े, गद्दे रजाई, अन्य घरेलू सामान, सिंचाई की पाइप आदि लाखों का सामान जल गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। फोर्स मौके पर पहुंची है। जांच की जा रही है।