बरसठी थाना क्षेत्र के पुरेसवां शाहापुर गांव में बृहस्पतिवार को नहाते समय तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
पुरेसवां शाहापुर गांव में कुछ युवक बृहस्पतिवार की दोपहर में तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से विजय कुमार (22) तालाब में डूबने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर अन्य युवक उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह तालाब के गहरे पानी में समा चुका था। जाल डालकर युवक की तलाश शुरू हुई। पानी अधिक होने के कारण काफी देर तक चली कोशिशों के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने तालाब को खाली कराने के लिए जेसीबी मंगाई। बगल स्थित दूसरे तालाब तक पानी ले जाने के लिए गहरी खुदाई की गई। पानी कम होने के बाद तालाब से युवक का शव बाहर निकाला गया। शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। आनंद के तीन पुत्रों में विजय दूसरे नंबर पर था। वह घर पर ही रहकर बीएड की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।