केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बांसबारी गांव में ईंट भट्ठे पर मिट्टी के ढूहे में दबकर मजदूर की मौत हो गई। ईंट पथाई के लिए मिट्टी निकालते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बांसबारी में एक ईंट-भट्ठे पर बृहस्पतिवार को केराकत के सूरतपुर गांव निवासी रमेश बनवासी (50) ईंट की पथाई के लिए मिट्टी खोद रहा था।
इसी दौरान मिट्टी का ढूहा भरभराकर गिर गया। अचानक मिट्टी खिसकने से वह दब गया। फरसे का बेंत उसके सिर में घुस गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मिट्टी हटाकर रमेश को बाहर निकाला, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव, कोतवाल बिंद कुमार आदि मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों को समझा बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शव कब्जे में लिया। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।