सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रामपुरदवन गांव में मंगलवार को दोपहर में स्टंट दिखाने के चक्कर में युवक ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। उपचार के दौरान मंगलवार को देर रात अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक रामपुर दवन गांव निवासी विपिन कुमार (27) पुत्र ओमप्रकाश ट्रैक्टर लेकर राम लखन सिंह इंटर कॉलेज के पास पहुंचा। जहां स्टंट दिखाते हुए उसने ट्रैक्टर को धीमी चाल में कर छोड़ दिया। ट्रैक्टर कुछ दूर अपने से चलता रहा। कुछ देर बाद विपिन को जब लगा कि शायद ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ रहा है तो उसने चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश की। उसी दौरान पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया। विपिन की हालत गंभीर होते देख ग्रामीण निजी वाहन से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां देर रात उपचार के दौरान विपिन की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में शोक छा गया। विपिन की मां गीता देवी ने घटना की सूचना चौकी इंचार्ज शिकारपुर को दी। चौकी इंचार्ज रोहित मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।