शादी से 13 दिन पहले युवक की पीट-पीटकर हत्या
- पुरानी रंजिश में बड़े भाई की पिटाई करने आए थे हमलावर, बीचबचाव में छोटे भाई की गई जान
- जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलो पांडे गांव की घटना, आठ पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
जफराबाद। लॉक डाउन के दौरान जिले में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बृहस्पतिवार की रात फिर एक युवक की लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलो पांडे गांव की है। तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। मृत युवक की 27 मई को शादी होनी थी। वह एक दिन पूर्व ही गुजरात से गांव आया था।
इमलो पांडे के पट्टी गांव निवासी प्रदीप कुमार के मुंबई में रहने वाले रिश्तेदार से गांव कुछ लोगों का विवाद है। उसकी रंजिश वे प्रदीप के परिवार से भी मानते हैं। बृहस्पतिवार को प्रदीप बाजार गए थे, जहां विपक्षियों से कहासुनी हो गई। इसी मामले को लेकर देर शाम लाठी-डंडा, रॉड, कुल्हाड़ी से लैस 15-16 की संख्या में लोगों ने प्रदीप के घर पर धावा बोल दिया। प्रदीप की पिटाई करने लगे। बचाव करने आए प्रदीप के छोटे भाई संदीप कुमार (29), चाचा शिवकुमार, चचेरा भाई मनीष को भी बुरी तरह पीटा। गांव वाले घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर एसओ मदनलाल मौके पर फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। सुबह एएसपी सिटी संजय कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसओ ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। उनकी तलाश की जा रही है।
---
गुजरात में मोटर मैकेनिक था संदीप
घर वालों के मुताबिक संदीप गुजरात में रहकर मोटर मैकेनिक का काम करता था। लॉक डाउन के कारण रोजगार बंद हुआ तो बुधवार को वह पिता रामप्रसाद के साथ घर आ गया था। इसी 27 तारीख को उसकी शादी भी तय थी। जौनपुर के कोहड़े गांव में सीमित लोगों की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी करते हुए बरात ले जाने की तैयारी थी। सिर पर सेहरा बंधता, इससे पहले ही उसकी अर्थी उठ गई। संदीप की मौत से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
12- 11- जफराबाद क्षेत्र के इमलो पांडे पट्टी गांव के दलित बस्ती में बृहस्पतिवार को हुई मारपीट में युवक- फोटो : JAUNPUR