जौनपुर। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में 1803 जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अनुमानत: 5 लाख लोगों को योग कराने की तैयारी है। मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक शाही किला में जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा की उपस्थिति सुबह छह से पौने आठ बजे तक कराया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार की सायं शाही किला में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
शाही किला में एक हजार लोगों को योगाभ्यास कराया जाएगा। यहां पर जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा, जिले के नोडल अधिकारी उपायुक्त गन्ना प्रमोद कुमार रहेंगे। साथ ही यहां पर सांसद, विधायक, अधिकारी व आमजन हिस्सा लेंगे। सुबह छह बजे से पौने आठ बजे तक कार्यक्रम चलेगा, जिसमें पौने घंटा योग कराया जाएगा। यहां पर 20 योग प्रशिक्षक लगाए गए हैं। इसी तरह लोहिया पार्क में 200, टीडी कॉलेज में 200, जिला चिकित्सालय में 200, जिला कारागार में 200, मेडिकल कॉलेज में 200, इंग्लिश क्लब लोगों को योग कराया जाएगा। जिले के 1740 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को योग कराने की जिम्मेदारी दी गई, जहां भी करीब 100 ग्रामीण योग करेंगे। इसी तरह 6 तहसील में एसडीएम, 21 ब्लाक में बीडीओ, 29 थानों में थानाध्यक्ष की निगरानी में योग कराया जाएगा। इसमें योग्य प्रशिक्षक के माध्यम से उनको ग्रीवा चालन, स्कंद चालन, कटी चालन, अनुलोम विलोम कराया जाएगा। इस बाबत जिलाधिकारी डॉ.दिनेशचंद्र ने बताया कि योग दिवस के लिए सारी तैयारी पूरी हो गई है। इसके लिए आयुष विभाग, पतंजलि व गायत्री प्रज्ञामंडल के योग प्रशिक्षकों की मदद ली जा रही है। जिलेभर में करीब पांच लाख लोग योग का प्रशिक्षण करेंगे।
डीएम ने निरीक्षण कर देखी व्यवस्था :- जिलाधिकारी डॉ.दिनेशचंद्र ने शुक्रवार को शाही किला का निरीक्षण कर योग की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं व जन सामान्य के उचित बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था, साफ सफाई, पार्किंग आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस मौके पर सीआरओ अजय कुमार अंबष्ट, परियोजना निदेशक केके पांडेय आदि उपस्थित रहे।
अटल पार्क में दो हजार लोग करेंगे योग-बदलापुर। क्षेत्र के पहितियापुर गांव स्थित अटल पार्क (बहरा) में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गईं हैं। आयोजक विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि दो हजार लोग योग शिविर में भाग लेंगे। कार्यक्रम सुबह छह बजे से दस बजे तक चलेगा। इसके बाद उपस्थित लोगों के द्वारा एक हजार एक पौधरोपण किया जायेगा। विधायक ने बताया कि शिविर में निरामयम योगग्राम हरिद्वार की मुख्य योगाचार्य राधिका बतौर प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील किया है।
सीएचसी पर मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-शाहगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार की सुबह सीएचसी शाहगंज में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अगुवाई चिकित्सा अधीक्षक डा. रफीक फारुकी ने की। कार्यक्रम में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, गर्भवती महिलाओं व तीमारदारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. रफीक ने कहा कि नियमित योग अभ्यास से शरीर निरोगी और मस्तिष्क शांत व स्वस्थ रहता है। कार्यक्रम में डॉ. हरिओम मौर्य, डॉ. आरबी यादव, डॉ. राकेश, डॉ. आरके वर्मा आदि मौजूद रहे।