जौनपुर। अक्षय तृतीया पर रविवार को लोगों ने हवन-पूजन किया। घरों में रहकर की कोरोना से मुक्ति के लिए प्रार्थना की। भगवान परशुराम की जयंती भी मनाई गई। उनके जीवन आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया। उधर, बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।
अक्षय फल की कामना में लोग प्रतिवर्ष अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी करते हैं। इस बार लॉक डाउन के कारण बाजार बंद होने से यह हसरत पूरी नहीं हो पाई। लोगों ने घर में ही पीली दाल और पुराने सोने के आभूषणों को रखकर पूजन-अर्चन किया। कोरोना से मुक्ति के लिए प्रार्थना की। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जनसंपर्क कार्यालय बदलापुर पर जिला उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, विधायक प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह, विनोद शर्मा, लवकुश सिंह, विनोद मौर्या, बलबीर गौड़ ने आहूति दी। बक्शा: क्षेत्र के हैदरपुर गांव निवासी आचार्य चाणक्य महासभा के संस्थापक पं. रामाश्रय द्विवेदी के आवास पर परशुराम जयंती मनाई गई। उनके चित्र के सामने द्वीप प्रज्वलित कर हवन पूजन किया गया। रामाश्रय द्विवेदी ने कहा कि भगवान के छठे अवतार के रूप में परशुराम ने अवतार लिया। उन्होंने विधर्मियों का नाश करने के लिए शस्त्र एवं शास्त्र को उठाया। कार्यक्रम में जगदीश उपाध्याय, सूर्यप्रकाश पाठक अधिवक्ता, अरुण पाठक, योगेश द्विवेदी, दुर्गेश, विश्वनाथ मिश्र आदि मौजूद रहे।