जौनपुर। सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं जिले के नोडल अधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने शुक्रवार को जिला अस्पताल, अग्निशमन केंद्र में निर्माणाधीन आवासीय परिसर और सिद्दीकपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल के वार्ड में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। सीएमएस को सफाई के साथ ही मरीजों के इलाज को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। मेडिकल कालेज में मजदूर बढ़ाकर समय से निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। अग्निशमन केंद्र के निरीक्षण के दौरान आग बुझाने वाले उपकरणों का रखरखाव ठीक करने को कहा।
नोडल अधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने सिद्दीकपुर में निर्माणाधीन उमानाथ सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण की गति धीमी होने पर नाराजगी जताई। मजदूर बढ़ाकर कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। हॉस्पिटल को तैयार करने के लिए बिल्डिंग वर्क निर्माण की प्लानिंग करने का निर्देश दिया। अस्पताल का लकड़ी का मॉडल तैयार कर प्रजेन्टेशन के लिए रखने को कहा। प्रोजेक्ट मैनेजर राजकीय निर्माण निगम पीएन सिह ने बताया कि अभी 80 मजदूर लगे हुए हैं। इस दौरान सीडीओ अनुपम शुक्ला, अर्थ एवं संख्या अधिकारी आरडी यादव, सहायक अभियंता यूपीपीसीएल आरके सिंह आदि उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी ने जिला पुरुष तथा महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। कोविड के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि 1500 स्वास्थ्य वर्कर को टीका लगाना शेष हैं। जो लोग टीका नहीं लगवा रहे हैं उसका कारण पूछा। पुरुष अस्पताल में दीवारों पर पान की पीक मिलने पर नाराजगी जताई। सीएमएस को सफाई कराने की निर्देश दिया। महिला अस्पताल में कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया। अग्निशन केंद्र का निरीक्षण के दौरान कहा कि आवासीय परिसर की स्वीकृति 2015 में हुई थी। जिसकी पहली किस्त आने के बाद दूसरी किस्त आने में विलंब हुआ। तीसरी किस्त आने के बाद चैथी किस्त आने में एक वर्ष का समय क्यों लगा। इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बाथरूम की छत सही नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। छत की फिनिशिंग कराने के निर्देश दिए। आवासीय परिसर पूर्ण कर हैंड ओवर करने का निर्देश दिया। स्टोर रूम, वॉचरूम तथा बैरक का निरीक्षण किया। स्टोर रूम में आग बुझाने वाले उपकरण ही रखने को कहा। उपकरणों को रखने ठीक से करने, स्टॉक रजिस्टर मेंटेन करने के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियों, स्टाफ कर्मचारियों की जानकारी ली। आरटीओ को फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को ड्राइविंग का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। बैरक में खिड़की के शीशे टूटा था उसे लगवाने के निर्देश दिया।