नहर में डूबकर श्रमिक की मौत के बाद जलालपुर चौराहे पर हाईवे जाम करते ग्रामीण।
स्थानीय थाना क्षेत्र के त्रिलोचन रेलवे स्टेशन के पास नहर की सफाई में लगा श्रमिक गुरुवार को दोपहर अचानक पानी में डूब गया। नहर में पानी का बहाव इतना तेज था कि उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ काफी खोजबीन की इसके बाद रात में दस बजे उसके शव को निकाला गया।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने त्रिलोचन बाजार में वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। जाम करीब बीस मिनट चला था तभी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ पर लाठी बरसा कर जाम खत्म करा दिया। पुलिस की लाठी से महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए।
घायलों का उपचार पीएचसी पर कराया गया। शारदा सहायक नहर में डेंगुरपुर पुलिया के पास काफी मलबा जमा हो गया था। जिससे नहर का पानी आगे पास नहीं हो रहा था। नहर की सफाई के लिए ठेकेदार ने कुछ श्रमिकों को लगाया था। इन्हीं श्रमिकों में कनुआनी गांव निवासी मठालू बेनवंशी (28) भी काम कर रहा था।
नहर की सफाई के दौरान वह पानी में डूब गया। साथी श्रमिकों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला तो शोर मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कफी खोजबीन के बाद शव को निकाला। आक्रोशित परिजनों के साथ ग्रामीणों ने त्रिलोचन बाजार में हाईवे जाम कर दिया। जाम की खबर पर पहुंची पुलिस ने लाठियां बरसा कर भीड़ को खदेड़ दिया।
पुलिस की लाठी से नहर में डूबे श्रमिक की मां शांति बेनवंशी, श्रमिक की पत्नी सुनीता बेनवंशी का सिर फट गया। सुनीता गर्भवती भी है। उसके अलावा सुनरा देवी, कतवारू, शिवपूजन, काजल बंदना को चोट आई है। सूचना पर पहुंचे सीओ केराकत राजकुमार पांडेय अपनी गाड़ी से घायलों को पीएचसी पहुंचाया जहां सभी का उपचार किया गया।