जौनपुर। तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने विश्वविद्यालय में भी वर्क फ्राम होम लागू कर दिया है। 50 फीसदी कर्मचारी ही दफ्तर आएंगे। आधे कर्मचारी घर से काम करेंगे। रोस्टर अनुसार ड्यूटी लगेगी। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए बुधवार से यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। विवि में करीब 380 कर्मचारी विभिन्न पटलों पर तैनात हैं।
विश्वविद्यालय से संबद्ध पांच जनपदों जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ और प्रयागराज में कुल 971 महाविद्यालय हैं। इसमें 925 स्ववित्तपोषित, 37 अनुदानित और नौ राजकीय महाविद्यालय हैं। सभी महाविद्यालयों को भी कोविड-19 के गाइड लाइन का पालन कराने का निर्देश दिया गया है। शासन आए पत्र को महाविद्यालयों को भेज दिया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव महेंद्र कुमार ने बताया कि शासन से चिट्ठी जारी होने के बाद ही विवि के सभी पटल के अधीक्षकों को चिट्ठी जारी कर दी गई है। घर से काम करने वाले अधिकारी, कर्मचारी हर समय टेलीफोन या संचार के अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों पर उपलब्ध रहेंगे। जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा, अधिकतर बैठकें वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कराई जाएंगी।