मुंगराबादशाहपुर। क्षेत्र के लौह गांव में भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए महिला ने आत्मदाह की धमकी दी तो पुलिस हरकत में आई। एसपी की फटकार के बाद थाने की पुलिस ने मौके पर जाकर काम रोकवा दिया।
लौह गांव निवासी नगीना देवी का आरोप है कि बंटवारे में मिली आबादी की जमीन पर पड़ोसी कब्जा कर रहे हैं। पीड़िता ने जब विरोध किया तो मनबढ़ों ने उसकी और परिजनों की लाठी डंडों से पिटाई की। फरियाद लेकर जब वह थाने आई तो उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस की अनदेखी के चलते निर्माण कार्य होने लगा। पीड़िता ने एसपी को फोन करके न्याय की गुहार लगाते हुए अवैध कब्जा नहीं रोकने पर आत्मदाह करने की धमकी दी। मामले की जानकारी होते ही एसपी ने थाना प्रभारी को खरीखोटी सुनाते हुए अवैध निर्माण को रोकने का निर्देश दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर निर्माण को रोकवा दिया। पीड़िता का कहना है कि पुलिस अवैध निर्माण रोकने के लिए पैसा मांग रही थी। पैसा नहीं देने पर उसकी भूमि पर कब्जा कराने लगी।