ट्रेन में महिला ने बच्ची को दिया जन्म
स्टेशन पर उतारकर पीएचसी पर कराया प्राथमिक उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरगंज। बुंदेलखंड एक्सप्रेस से मडियाहूं जा रही एक महिला ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस में जंघई रेलवे स्टेशन के पहले ही एक बच्ची को जन्म दिया। ट्रेन के जंघई पहुंचने पर स्टेशन अधीक्षक ने महिला का प्राथमिक उपचार कराकर एंबुलेंस से जच्चा बच्चा केंद्र बभनियांव पहुंचवाया।
कौशांबी जिले के सिराथु थाना के लुकिया गांव निवासी ओम प्रकाश की पत्नी रेशमा कुछ लडकियों के साथ दिल्ली से अपने मायके मडियाहूं जा रही थी। वह इलाहाबाद पहुंचने के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस की जनरल बोगी में जंघई जाने के लिए बैठ गई। रास्ते में उसे दर्द हुआ तो उसने समझा कि जंघई तक तो पहुंच ही जाएगी। लेकिन स्टेशन पहुंचने से पहले ही बच्ची को जन्म दिया। उसके साथ चल रही लडकियों ने प्रसव करा दिया। स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर स्टेशन अधीक्षक शिव कुमार यादव ने तुरंत प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और नजदीकी जच्चा बच्चा केंद्र बभनियांव भेजवा दिया। वहां से उसके मायके वालों को बुलाकर महिला को घर भेज दिया गया। स्टेशन अधीक्षक शिव कुमार यादव ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।