शाहगंज। जनपद आजमगढ़ के मित्तूपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर काम कर रही महिला सोमवार की शाम चिरैया मोड़ के पास ट्रैक्टर से गिरकर घायल हो गई। इसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
बिहार प्रांत के कर्वी अंतर्गत शिवपुर गांव निवासी माया देवी (35) पत्नी सुरेंद्र समीपस्थ जनपद आजमगढ़ के पवई थानांतर्गत मित्तूपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर काम कर परिवार का भरण पोषण करती थी। सोमवार की शाम बिहार अपने घर जाने के लिए वह ट्रेन पकड़ने के लिए ट्रैक्टर से शाहगंज जा रही थी। चिरैया मोड़ के समीप महिला असंतुलित होकर ट्रैक्टर की टाली से गिरकर पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन पुलिस को घटना की जानकारी दी। आवश्यक कार्रवाई के बाद परिवार के लोग शव को लेकर घर के लिए रवाना हो गए।