महराजगंज थाना क्षेत्र के कलिंजरा गांव निवासी इंद्रकेश यादव की हत्या कर शव पीली नदी में फेंक दिए जाने के मामले में आरोपी महिला को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
महराजगंज थाना क्षेत्र के कलिंजरा गांव निवासी इंद्रकेश यादव पुत्र कृष्णा यादव का शव 23 मई को पीली नदी में पुल के नीचे मिला था। शव मिलने के दूसरे दिन उसकी पहचान हो सकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस बात का खुलासा हुआ था कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। मृतक के पिता कृष्णा यादव की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सहित पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले में आरोपी महिला सरोजा यादव निवासी नेवादा मुखलिसपुर अपने घर पर मौजूद है। महिला कांस्टेबल दीप्ति द्विवेदी के साथ पहुंची पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि इंद्रकेश आए दिन छेड़छाड़ करता था। उससे तंग आ कर उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी, फिर शव को रामपुर गांव के पास पीली नदी में फेंक दिया।