रामपुर के धनुआ में हादसे के बाद सड़क जाम करते लोगों को समझाते डीएम भानुचंद्र गोस्वामी।
मिर्जापुर-जौैनपुर मार्ग पर चौड़ीकरण के नाम पर पीडब्ल्यूडी ने सड़क के दोनों तरफ गड्ढा खोदवाकर छोड़ दिया। इसी गड्ढे में रामपुर क्षेत्र के धनुआ में ट्रक गुरुवार की सुबह फंसकर पलट गई। जिसमें लदे गिट्टी से दबकर एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गिट्टी से दो अन्य लोगों को भी मामूली चोट आई। चार मौतों के बाद परिवार में मातम छा गया है।
मेमे सोनकर के दो पुत्र मदन और रतन हैं। दोनों के परिवार में करीब 20 से अधिक लोग हैं। जो सड़क के किनारे ही चारपाई और ठेले पर सोते थे। मदन के पांच पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। जिसमें दो पुत्रियों अनीता और मनीषा की शादी हो चुकी है। पुत्रों में वीरेंद्र (35), मुसाफिर (32), पंजाबी (27), श्याम (20) और अमन (16) का है।
जबकि पुत्री अंशू (18) वर्ष की है। इस हादसे में मदन की मां प्यारी देवी, पुत्र अमन बड़े पुत्र वीरेंद्र की दो पुत्रियां, रिया और श्रेया, की मौत हो गई। जबकि मदन की पुत्री अंशू और बड़े पुत्र वीरेंद्र का बेटा रोहन भी घायल हो गया। मदन का पूरा परिवार सब्जी व फल बेचने का काम करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हैं।
महज यह संयोग ही है कि ट्रक पलट गया नहीं तो अगर वह अनियंत्रित होकर गड्ढे में नहीं फंसा होता तो परिवार के कई लोगों की जान ट्रक की चपेट में आने से जा सकती थी। कोई चालक के नीद में होना बता रहा है तो कोई गड्ढे में फंसने की वजह से हादसा बता रहा है। एसपी ग्रामीण अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।