कौन है दो लाख के ‘इनामी’ के टारगेट पर
बदमाश के क्षेत्र में घूमने से सहमे लोग, पुलिस चौकन्ना
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। जिले में एक बार फिर गैंगवार की आशंका तेज हो गई है। इस आशंका को इस बात से बल मिला है कि एस दो लाख का इनामी और उसके कुछ सहयोगी जिले में घूमते देखे गए हैं। पुलिस को खुफिया इनपुट मिले हैं कि इसमें वाराणसी जिले का दो लाख का इनामी अपराधी क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है ताकि पता लगाया जा सके कि संदिग्ध लोग किसकी तलाश में जौनपुर एवं आसपास के जिलों में घूम रहे हैं।
पूर्वांचल में जौनपुर अपराधियों का गढ़ रहा है। मुंबई, बिहार, हरियाणा, एमपी, उत्तराचंल के अपराधियों से यहां के अपराधियों के तार जुड़े है। खुफिया एजेंसियों को ऐसा इनपुट मिला है कि पंजाब, हरियाणा एवं बिहार के कुछ अपराधियों ने जौनपुर में डेरा डाल रखा है। उनके निशाने पर आखिर कौन है? इसका पता नहीं चल पा रहा है। मगर उनकी उपस्थिति से एक बार फिर से गैंगवार शुरू होने का अंदेशा पैदा हो गया है। अटकल लगाया जा रहा है कि मुन्ना बंजरंगी की हत्या का बदला लेने के लिए यह जुटान हो सकती है। जानकारों का कहना है कि पूर्वांचल के माफिया समीकरण में पिछले कुछ दिनों में फेरबदल हुआ है। ऐसे में अपराधियों का यह जुटान लगभग शांत हुए गैंगवार को फिर से हवा दे सकता है। एसपी रविशंकर छवि का कहना है कि इनामी अपराधी के बारे में तो कोई इनपुट नहीं है लेकिन कुछ संदिग्ध लोगों के होने की भनक मिली है। सर्विलांस प्रणाली को मजबूत कर दिया गया है। हर थाना क्षेत्रों में दो -दो की संख्या में सीआईओ लगाएं गए हैं, जो सीधे उनके दफ्तर को अपराधियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मुहैया करा रहें है।