शाहगंज प्रेमी से शादी की जिद में 1.32 लाख वोल्ट के विद्युत टावर पर चढ़ी युवती । संवाद
एक घंटे बाद पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह नीचे उतारा
शाहगंज (जौनपुर)। प्रेमी के शादी से इन्कार करने पर क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की दोपहर एक युवती 1.32 लाख वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गई। करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
युवती का आजमगढ़ निवासी एक युवक से प्रेम संबंध था। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक ने उसका शोषण किया, जिसके बाद युवती की तहरीर पर पुलिस ने उसे दुष्कर्म के आरोप में जेल भेज दिया था। बाद में न्यायालय में समझौता होने पर युवक जेल से बाहर आ गया। युवक के बाहर आते ही युवती ने शादी का दबाव बनाया लेकिन प्रेमी के इन्कार करने पर युवती ने यह कदम उठा लिया।
युवती को टावर पर चढ़ता देख ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। शाहगंज कोतवाली प्रभारी किरन कुमार सिंह ने युवती को समझाकर नीचे उतारा। पुलिस ने युवती को कोतवाली ले जाकर आवश्यक कार्रवाई की और फिर उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।