तेजीबाजार। क्षेत्र के एक गांव की युवती को मां ने डांट दिया। इससे नाराज युवती रविवार को देर शाम थाने पहुंच गई और मां की शिकायत की। अपनी मर्जी से विवाह करने के लिए दबाव बनाने लगी। युवती चाहती है कि शादी उसकी मर्जी से हो। इसके लिए माता-पिता राजी नहीं हो रहे हैं। युवती जिद पर अड़ी है, इससे घर में कलह शुरू हो गया तो मां ने डांट दिया। युवती अपनी मौसी के घर के बगल के एक युवक से शादी करना चाहती है। लड़का भी शादी के लिए राजी है।
दोनों बालिग हैं लेकिन परिजन शादी के लिए सहमत नहीं हो रहे हैं। युवती जिद पर अड़ी है, इससे घर में कलह शुरू हो गया तो मां ने डांट दिया। रविवार देर शाम युवती अपने घर से 9 किलोमीटर दूर तेजीबाजार थाने पर पैदल पहुंच गई। पुलिस को पूरी बात बताया। पुलिस ने उसकी शादी मनमुताबिक कराने का आश्वासन भी दिया। जबकि माता-पिता का कहना है कि मेरी एक बेटी अभी इस लड़की से बड़ी है। पहले उसकी शादी हो जाए तब इसकी शादी की जाएगी। उपनिरीक्षक ने इस बात को दोनों पक्षों को बैठाकर समझाया तो लड़की सहमत हुई कि बड़ी बहन की शादी के बाद हम अपनी मर्जी से शादी करेंगे। थाना प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया की लड़की को समझा बुझाकर घर भेज दिया गया। उसके माता-पिता को भी बताया गया कि अगर लड़की अपनी मर्जी से शादी करती है तो कोई व्यवधान उत्पन्न न करें। लड़की को किसी प्रकार की प्रताड़ना भी घर में नहीं होनी चाहिए।