शहर की सड़कों की सूरत तो पहले से ही बिगड़ी हुई है, अब बारिश ने और बुरा हाल कर दिया है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने के बाद आवागमन मुश्किल हो गया है। शनिवार को हालत यह रही कि आजमगढ़ रोड पर लंबा जाम लगा रहा। प्रसाद तिराहे से लेकर सिपाह की ओर रेलवे क्रॉसिंग तक वाहन रेंगते रहे। इस दौरान कई वाहन आगे निकलने के फेर में पानी से भरे गड्ढों में उतर गए। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के अंदर सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोद दी गई हैं। वहीं हाईवे पर पहले से ही गड्ढे बने हुए हैं। जौनपुर-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर शास्त्री पुल से पचहटिया तक की सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। कदम-कदम पर बड़े गड्ढे जानलेवा हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से स्थिति भयावह हो गई है। शनिवार को इस मार्ग से गुजर रहे कई बाइक, टेंपो और चार पहिया वाहन गड्ढों में फंस गए। दूसरे लोग भी इनसे बचने के लिए किनारे से आ-जा रहे थे। इसके चलते इस पूरे इलाके में लंबा जाम लगा रहा। पूरे दिन वाहन रेंगते रहे। देर शाम तक यह स्थिति बनी रही।