पूर्व माध्यमिक विद्यालय केवटली की फोटो।
- फोटो : JAUNPUR
महराजगंज। जिले के परिषदीय विद्यालय अब निजी विद्यालयों को मात देने में लगे हैं। शिक्षा के साथ ही छात्र के लिए बेहतर शिक्षण के संसाधन मुहैया कराकर शिक्षा की गुणवत्ता को सुधार रहे हैं। लॉकडाउन में अधिकांश छात्रों ने ऑनलाइन पढ़ाई कर मिसाल कायम की है। इधर से गुजरने वालों को अपनी ओर बेवजह आकर्षित कर रहा हैं।
टीएलएम के जरिए छात्रों का ज्ञानवर्धन किया जा रहा है। ड्रम के साथ सुबह की प्रार्थना इधर से गुजरने वाले हर किसी को अपनी ओर खींच रही है। आधुनिक क्रियाकलापों और साज-सज्जा से भरपूर इंग्लिश मीडियम पूर्व माध्यमिक विद्यालय केवटली क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। विगत तीन साल से प्रति वर्ष छात्रों की संख्या बढ़ रही है। शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था, शौचालय मल्टीपल हैंडवाश, पानी के लिए ओवरटैंक, बच्चों के बैठने के लिए डेस्क और बेंच, दीवारों पर लिखे स्लोगन, साज सज्जा, खेलकूद के सामान व एक मीना मंच रूम बनाया गया है। इसमें संगीत आचार्य ओम प्रकाश बच्चों को संगीत सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रशिक्षण दे रहे हैं। ड्रम बजाकर पीटी का प्रदर्शन करना छात्रों को प्रेरित कर रहा है। विद्यालय में सभी शिक्षक बिना किसी भेद भाव के कार्य कर रहे हैं। शिक्षकों की मेहनत के बल पर सरकारी विद्यालय प्राइवेट स्कूलों को मात दे रहे हैं। पिछड़े इलाके में बने इस हाईटेक स्कूल में हर आधुनिक सुविधा मौजूद है। इस विद्यालय के बच्चे प्रदेश तक प्रतिभाग कर चुके हैं। सन 2019 में प्रदेश में इस विद्यालय को तीसरा स्थान मिला था। प्रधानाध्यापक राम सबद ने कड़ी मेहनत की। इसका परिणाम है कि छात्रों की संख्या 251 से 290 तक पहुंच गई। विद्यालय में अध्यापक ओमप्रकाश यादव, मुकेश कुमार सिंह, विजय माला, प्रदीप कुमार यादव, वीरेंद्र मौर्य, उषा यादव सहित सात अध्यापक पठन-पाठन में लगे हैं।
हर साल छात्रों का नामांकन विद्यालय में बढ़ रहा है। छात्र संख्या बढ़ाने के लिए पूरी टीम मिलकर काम कर रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 2018-19 में छात्रों की संख्या 190 थी, 2019-20 में 201 हो गई, 2020-21 में 251 हो गई और वर्ष 2021-22 में छात्रों की संख्या पहुंचकर 290 पहुंच गई। - रामसबद, प्रधानाध्यापक