पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में विवेकानंद की पुण्यतिथि पर रविवार को गोष्ठी का आयोजन किया गया। रज्जू भैया संस्थान के निदेशक डॉ. देवराज सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने संपूर्ण विश्व को धर्म का पाठ पढ़ाया। उनसे संपूर्ण विश्व को प्रेरणा मिलती रहेगी।
विशिष्ट अतिथि प्रबंध अध्ययन संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने कहा कि संपूर्ण विश्व के युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि उठो, जागो और तब तक प्रयास करते रहो, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। उन्होंने विश्व को सिखाया कि लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए साधक को अपना प्रयास लक्ष्य पर केंद्रित करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र शीलनिधि सिंह एवं अमित उपस्थित थे। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय के प्रभारी डॉ. विद्युत मल्ल ने किया।