गौराबादशाहपुर क्षेत्र के उतरगावां गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या को सुनते विधायक ड
- फोटो : JAUNPUR
धार्मापुर। जफराबाद के विधायक डॉ हरेंद्र प्रसाद ने मंगलवार को उतरगांवा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान गांव के कंपोजिट विद्यालय और मुसहर बस्ती में रास्ता न होने की शिकायत ग्रामीणों ने किया। जिसपर विधायक ने संपर्क मार्ग बनवाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
मुसहर बस्ती के कई लोगों ने शिकायत की कि उनका सरकारी आवास पास हुआ है लेकिन उनके पास आवास बनवाने के लिए कोई जमीन नहीं है। जिससे वे आवास नहीं बनवा पा रहे हैं। इसपर विधायक ने मौके पर मौजूद सीओ चकबंदी को इस समस्या का हल निकालने के लिए निर्देश दिया। इस मौके पर विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि कोटे की दुकान से अगर राशन वितरण में किसी प्रकार की समस्या आए तो उसकी शिकायत करें कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गांव में गोमती किनारे अंत्योष्टि स्थल बनवाने का वादा किया। चौपाल की अध्यक्षता बीडीओ शकुंतला सिंह व संचालन एडीओ कोआपरेटिव ब्रह्मजीत सिंह ने किया। इस दौरान विनय सिंह, राधे श्याम विश्वकर्मा, सीओ चकबंदी प्रफुल श्रीवास्तव, सप्लाई इंस्पेक्टर रत्नेश श्रीवास्तव, एसडीओ विद्युत मैनेजर प्रसाद, सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ मनोज कुमार, ग्राम प्रधान विद्या निषाद आदि मौजूद थे।