मछलीशहर-वाराणसी एनएच निर्माण के दौरान चौकी कला गांव के पास नहर की नाली पर पुलिया न डालने पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। आरोप है कि पुलिया नहीं डालने से सिंचाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।
मछलीशहर से वाराणसी तक बन रहे एनएच-731बी पर चौकी कला गांव के पास नहर की नाली पर पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पास पुलिया न बनने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई माह से एनएच के अधिकारी पुलिया डालने का आश्वासन दे रहे हैं। लेकिन, आज तक पुलिया नहीं डाली गई। अब सड़क पर गिट्टी डालने का काम किया जा रहा है। सड़क पिच हो जाएगी तो पुलिया डाल पाना संभव नहीं होगा। इससे किसानों की फसल की सिंचाई नहीं हो पाएगी। बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं और पुरुष सड़क पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। बताया कि वर्षों पहले से नहर विभाग की नाली बनी थी, जिससे 150 बीघा फसल की सिंचाई हो रही थी, लेकिन सड़क निर्माण के सर्वे के दौरान पुलिया की व्यवस्था नहीं की गई। जब एनएचएआई ने सड़क निर्माण शुरू किया तब ग्रामीणों ने विरोध किया था। उस समय पुलिया डालने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब पुलिया नहीं डाली जा रही है। इससे सिंचाई के अभाव में फसलें सूख रही हैं। एनएचएआई के जेई ओपी प्रसाद का कहना है कि सर्वे में जहां-जहां पुलिया डालनी थी, वहां डाली जा रही है। यहां भी किसानों की समस्या को देखा जाएगा।