जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज मैदान पर अंडर-14 जौनपुर चैंपियन ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को हुआ। विहान सुपरकिंग ने सत्यम होटल को पांच रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर विहान सुपरकिंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 360 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। पीयूष सोनी ने 82 गेंदों पर 151 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में पांच चौके और 17 छक्के शामिल थे।
कप्तान अनीश निषाद ने भी 90 गेंदों पर 135 रन बनाए। उन्होंने इस सीरीज में अपना चौथा शतक जड़ा।
सत्यम होटल की ओर से आराध्य ओझा ने दो विकेट लिए। जवाब में सत्यम होटल की टीम 355 रन ही बना सकी। अनूप यादव ने 60 गेंदों पर 118 रन बनाए। शिवम मिश्रा ने 39 गेंदों पर 71 रनों का योगदान दिया। विहान सुपरकिंग के आकाश तरे ने तीन और सत्यम यादव ने दो विकेट लिए।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने विहान सुपरकिंग के पीयूष सोनी को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया। उन्होंने बच्चों को भविष्य में आगे बढ़ने और भारतीय टीम में खेलने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि निखिलेश सिंह और संरक्षक प्राचार्य अब्दुल कादिर ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कमेंटेटर तालिब, बृजेश व राजू रहे।
इस माैके पर कोच गुलाब निषाद, विजय, अभय सिंह, किरमानी जी, पंकज निषाद घंटी, संजय यादव, सर्टी सिंह, विवेक सिंह, प्रमोद यादव, इरशाद अहमद आदि रहे।