सरपतहां थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव में बुधवार को चोरी की आरोपी महिलाओं को ग्रामीणों द्वारा पेड़ में बांधने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है। बाद में पता चला कि वीडियो दो दिन पुराना है व महिलाओं को पुलिस जेल भेज चुकी है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला को पेड़ से बांधा गया था और दर्जनों लोग उसे चारों तरफ से घेरे हुए थे। बताया गया कि महिलाओं की संख्या दो है जिन्हें ग्रामीणों ने चोरी करते हुए पकड़ा है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि वीडियो दो दिन पहले सोमवार का है। ग्रामीणों ने उन्हें चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ कर पुलिस को सूचना दी थी। दोनों के पास से चोरी के जेवर भी बरामद हुए थे। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।