आलमगंज/रामपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सेमुही गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने यूबीआई वक्रांगी केंद्र के कर्मचारी से करीब 37 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए रामपुर की तरफ फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रामपुर थाना क्षेत्र के ही आशापुर गांव निवासी पिंटू दीक्षित का रामपुर बाजार में यूनियन बैंक का वक्रांगी केंद्र है। शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे केंद्र में कार्यरत बृजेश पाल निवासी आशापुर केंद्र बंद कर घर जा रहा था। सेमुही गांव स्थित बंसी लाल इंटर कॉलेज के समीप दो बाइक से आए पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। सभी ने चेहरा ढक रखा था। बृजेश के मुताबिक बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। उसकी कनपटी पर असलहा सटाते हुए पास मौजूद रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में केंद्र का 36800 रुपये, मोबाइल फोन व अंगूठा निशान लगाने वाली मशीन था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष रामपुर अश्वनी दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। छानबीन की जा रही है।