पूविवि के कुलपति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कैम्पस शिक्षक।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के शिक्षकों ने आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन के सामने धरना प्रदर्शन कर आठ सूत्री मांग पत्र कुलपति को सौंपा। पहले दिन विवि प्रशासन और शिक्षकों के बीच किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई। जिसके कारण शिक्षक मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शन करेंगे।
धरने पर बैठे शिक्षकों का कहना है कि प्रोन्नति के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया जाए। कुछ शिक्षकों को गलत तरीके से प्रोन्नति दे दी गई है। उसे ठीक कराया जाए। अतिरिक्त योग्यता के आधार पर वेतन वृद्धि के लिए आदेश निर्गत किया जाए।
सेवा समाप्ति या दूसरे विवि में चयन होने के बाद शिक्षकों का बकाया पेंशन और जीपीएफ का तुरंत भुगतान किया जाए। वर्ष 2010 में जिन संकायों में नियुक्तियां हुई है उनके सीपीएफ कटौती के लिए आदेश कार्यालय को दिया जाए। कुछ शिक्षकों का एरियर भुगतान अभी तक नहीं किया गया है उसका भुगतान कराया जाए।
मृतक आश्रितों के पाल्यों को सेवा दी जाए। जीपीएफ कटौती के बाद पासबुक और प्रतिमाह वेतन पर्ची उपलब्ध कराया जाए। सभी संकायों के शिक्षकों को कार्यपरिषद में प्रतिनिधित्व करने का आदेश निर्गत किया जाए। देर शाम तक विवि प्रशासन और धरने पर बैठे शिक्षकों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई।
कुलपति ने शिक्षक प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया था। लेकिन शिक्षकों ने मिलने से इनकार दिया। संघ के अध्यक्ष प्रो. बीबी तिवारी ने कहा कि जो भी वार्ता होगी शिक्षकों से सामने होगी। प्रो. तिवारी ने कहा कि अपनी मांग को लेकर मंगलवार को भी धरना जारी रहा। इस मौके पर प्रो. डीडी दुबे, डा. राजकुमार, डाय अजय द्विवेदी, डा. अजय प्रताप सिंह आदि शिक्षक मौजूद थे।