जौनपुर जिले की मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में शनिवार को धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इसके बाद पुलिस पूजा-पाठ करा रही महिलाओं को थाने ले गई। माफीनामा के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
सुदनीपुर गांव के एक घर में महिलाएं पूजा-पाठ करा रही थीं। इसमें 15-20 महिलाएं मौजूद थीं। इसकी सूचना मिलते ही बजरंग दल के अध्यक्ष आशुतोष सिंह बच्चा के साथ कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और धर्म परिवर्तन के लिए दीक्षा दिलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
उनका कहना था कि महिलाओं को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा। सूचना पर यूपी-112 की टीम पहुंची और तीन महिलाओं को थाने ले गई। एसएसआई सुरेंद्र दुबे ने बताया कि महिलाओं ने माफीनामा दिया है। उन्होंने दोबारा ऐसी हरकत न करने की सहमति दी है। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।