सुईथाकला/सतहरिया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में करंट से बालक समेत दो की मौत हो गई, वहीं एक किसान गंभीर रुप से झुलस गया। उसे मड़ियाहूं सीएचसी से जिलाअस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना सरपतहां क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी रामफेर विश्वकर्मा (55) के घर के सामने शुक्रवार की रात बिजली का तार गिरा था। रात में वह किसी काम से उठे और करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें सीएचसी सुईथाकला ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामफेर परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य थे। उधर, पंवारा थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर मर्मखा गांव में शुक्रवार की देर शाम अनिल कुमार पटेल का पुत्र आदर्श (8) घर के बाहर खेल रहा था। वहां पहले से विद्युत तार टूट कर गिरा था। खेलते-खेलते आदर्श तार के पास पहुंच गया। टूटे विद्युत तार के जोड़ पर लगे टेप को वह खोलने लगा। तभी वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रुप से जख्मी बालक को सीएचसी सतहरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मड़ियाहूं: कोतवाली क्षेत्र के टेकारडीह गांव में शनिवार की दोपहर रामलाल पटेल (40) अपने खेत की ओर जा रहे थे। तभी पहले से टूटा 440 वोल्ट तार की चपेट में आकर झुलस गए। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।