Jaunpur News: कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को जमीन पर कथित कब्जे के विवाद को लेकर हड़कंप मच गया। लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे परिवार के तीन सदस्यों ने परेशान होकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।
जौनपुर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर जमीन पर कथित कब्जे के विवाद को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
बताया गया कि तीनों जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर तीनों ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ स्थिति संभाली। तीनों को तत्काल कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।
विज्ञापन
आत्मदाह के प्रयास की सूचना पर कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जमीन संबंधी विवाद और परिवार की ओर से पूर्व में की गई शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।