खेतासराय (जौनपुर)। पति के दूसरी शादी रचाने की सूचना मिलने पर शनिवार शाम एक महिला पुलिस के साथ अपनी ससुराल जा धमकी। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। महिला का आरोप है कि पति ने उसे बताए बिना दूसरी शादी कर ली है। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जफराबाद थानाक्षेत्र की रहने वाली सुमैया का निकाह 20 मई 2022 को खेतासराय के सराय मोहल्ला निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और 20 अक्तूबर 2022 को उसे घर से निकाल दिया गया। तब से सुमैया अपनी वृद्ध मां के साथ मायके में रह रही है और भरण-पोषण के लिए न्यायालय में मुकदमा लड़ रही है। सुमैया के अनुसार, उसे खबर मिली कि उसका पति पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी कर चुका है।
शनिवार शाम वह इसका सबूत जुटाने ससुराल पहुंची और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। जब सुमैया ने घर के भीतर दूसरी पत्नी का वीडियो बनाना शुरू किया, तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को अगले दिन थाने आकर अपनी बात रखने का निर्देश दिया है। हालांकि, खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप सिंह का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में पूरी तरह नहीं आया है, तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।