जौनपुर में अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
अखिलेश यादव ने कहा कि आज भ्रष्टाचार और महंगाई बेलगाम है। हालात ऐसे है कि भाजपा के सांसद और विधायक गांवों में नहीं घुस पा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार फेल साबित हुई है। भाजपा वालों ने कहा था कि लोगों की आय दोगुनी हो जाएगी। लेकिन स्थिति यह है कि लोगों की आय आधी हो गई है और महंगाई दोगुनी हो गई है।
जौनपुर में अखिलेश यादव, कृष्णा पटेल और ओमप्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
अपराधियों पर बुलडोजर चलाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री अपराधियों की सूची जिला स्तर पर क्यों नहीं जारी करते। आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में लोगों की मौत हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने फिर से दावा किया कि यूपी में बदलाव होने जा रहा है। हम सभी को साथ लेकर सरकार बनाएंगे।
पढ़ेंः अखिलेश यादव की जौनपुर यात्रा आज से, दो दिन में नौ विधानसभा क्षेत्रों का दौरा, जगह-जगह करेंगे सभा
अखिलेश यादव आज दो दिवसीय दौरे पर जौनपुर पहुंचे हैं। विजय रथ यात्रा के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। पहले दिन वह दो स्थानों और दूसरे दिन चार स्थानों पर सभा को संबोधित करेंगे।
जौनपुर जिले में विधानसभा की नौ और लोकसभा की दो सीटें हैं। विधानसभा की नौ में से चार पर भाजपा, तीन पर सपा, एक सीट पर अपना दल और एक सीट पर बसपा का कब्जा है। जौनपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सघन दौरा औक छह जनसभा को संबोधित कर अखिलेश यादव अपने पक्ष में महौल बनाने की कोशिश करेंगे।
अखिलेश यादव की कोशिश जौनपुर के जरिए उसके पड़ोसी जिलों वाराणसी, गाजीपुर, बलिया और मऊ को भी साधने की कोशिश करेंगे। मऊ में चार सीटें, बलिया में सात जबकि गाजीपुर में सात सीटें आती है। 2017 के चुनाव भाजपा ने ओम प्रकाश राजभर की पार्टी के साथ मिलकर गाजीपुर की पांच सीटें, बलिया की पांच सीटें और मऊ की तीन सीटों पर कब्जा किया था। इस बार सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर सपा के पाले में आ गए हैं। ऐसे में अखिलेश की कोशिश है कि भाजपा के इस गढ़ में सेंधमारी करें।