नेवढ़िया थाना क्षेत्र के चड़ई ढेकहा गांव के पास रविवार की रात करीब आठ बजे अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। करीब 40 वर्षीय व्यक्ति के शव की पहचान नहीं हो सकी।
रात में करीब आठ बजे नहर की पटरी से गुजर रहे किसी ने नहर में शव देख शोर मचाया तो आस-पास के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव क्षतविक्षत हो गया था। अनुमान है कि शव करीब एक सप्ताह से नहर में बह रहा होगा। थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि शव कई दिनों से पानी में होने के कारण काफी फूल गया है, इसके चलतेे पहचान नहीं हो पा रही है। बस इतना पता चल रहा है कि शव किसी पुरुष का है और उसकी अवस्था करीब चालीस साल होगी। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।