जौनपुर। पूर्वांचल विवि के चालू सत्र की परीक्षा के लिए विवि प्रशासन अब नए सिरे से तिथि तय करने में जुट गया है। पूर्व में प्रस्तावित कार्यक्रम के बीच अचानक पंचायत चुनाव घोषित हो जाने से सारी व्यवस्था ठप हो गई है। अब शीघ्र ही परीक्षा संचालन समिति की बैठक कर नई तिथि तय की जाएगी। बैठक के लिए समिति के सदस्यों को पत्र जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन फिलहाल मई के प्रथम सप्ताह से परीक्षा कराने की तैयारी में जुटा है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 20 महाविद्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है। इन महाविद्यालयों के प्राचार्यो को निर्देश दिया गया है कि मदतान कार्य पूरा होने के बाद परीक्षा की तैयार करा लें। पांच जिलों के करीब 950 महाविद्यालयों के छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दो मई को मतगणना का कार्य पूरा हो जाएगा। सूत्रों की माने तो विवि प्रशासन पांच मई से परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। शीघ्र ही परीक्षा समिति की बैठक बुलाकर तिथि घोषित कर दी जाएगी। विवि इसी बीच प्रायोगिक परीक्षाएं कराने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि मुख्य परीक्षा से पहले सभी विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं करा ली जाएंगी। परीक्षकों की सूची भी तैयार कर ली गई है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह का कहना है कि परीक्षा संचालन समिति की मुहर लगने के बाद ही परीक्षा तिथि घोषित की जाएगी। शीघ्र ही बैठक बुलाकर परीक्षा की तिथि तय करा ली जाएगी।