कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर नगर के ददरी घाट स्थित यूनियन बैंक में तैनात महिला की रिपोर्ट गुरुवार देर रात कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मोहल्ले में हड़कंप मचा हुआ है। वह कुछ दिन पूर्व पटना अपने परिजनों से मिलने गई थी। वहां से आने के बाद तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में स्थापित ट्रू नेट मशीन से स्वैब की जांच कराई गई।
अब मेडिकल टीम ने संक्रमित महिला कर्मचारी को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। एक और मरीज के मिलने से कुल संक्रमित 389, स्वस्थ हुए मरीज 323 हैं। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 60 तक पहुंच गई है। अब तक छह की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य महकमे की रिपोर्ट के मुताबिक कुल 10782 संदिग्धों का स्वैब जांच के लिए भेजा जा चुका है।
बिहार प्रांत के पटना निवासी महिला कर्मचारी नगर के ददरी घाट स्थित यूनियन बैंक शाखा में तैनात है। वह बड़ीबाग में किराए पर कमरा लेकर रहती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ट्रेसिंग टीम ने जब मरीज की जांच पड़ताल की तो पता चला कि वह कुछ दिन पूर्व पटना अपने परिजनों से मिलने गई थी। इसी दौरान संक्रमित के संपर्क में आने से कोरोना संक्रमण से प्रभावित हुई।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने जहां महिला कर्मचारी को उपचार के लिए सहेड़ी स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। वहीं उसके संपर्क में आने वाले संदिग्धों को चिन्हित कर स्वैब सैंपलिंग की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पटना में रह रहे उसके परिजनों को इसकी जानकारी देने के साथ स्वैब जांच की सलाह दी गई है।
ददरी घाट के यूबीआई शाखा की एक महिला कर्मी की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराने के साथ संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश सर्वे टीम को दिया गया है।
डाक्टर जीसी मौर्या, सीएमओ