सिंगरामऊ। स्थानीय थाना क्षेत्र के बछुआर गांव के निकट मंगलवार की शाम फोरलेन पर तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर एक पिकअप से टकराते हुए खाई में चली गई। बस की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। बस में सवार तीन यात्रियों को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद चालक और परिचालक फरार हो गए।
वाराणसी से सवारी लेकर लखनऊ जा रही काशी डिपो की बस बछुआर गांव के पास पहुंची थी, तभी अचानक अनियंत्रित हो गई। सामने से आ रही पिकअप को टक्कर मारते हुए बस सड़क किनारे खाई में चली गई। इसी दौरान बाजार से लौट रहे साइकिल सवार सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बर्रैया गांव निवासी उमाशंकर विश्वकर्मा (70) बस की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बस में सवार यात्री मुख्तार, अहमद जावरा व फिरदौस को मामूली चोटें आई। अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद बस और पिकअप दोनों के चालक परिचालक खलासी फरार हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।