जौनपुर। जिले में सोमवार को 36 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। वहीं पहले से अस्पतालों में भर्ती 42 मरीजों को छुट्टी दी गई। नए मरीजों के बाद अब कुल कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 5412 हो गई है। इसमें 388 केस एक्टिव रह गए हैं। अब तक 74 मरीजों की मौत हुई है।
कोरोना के नए मरीजों की पहचान के लिए जगह-जगह कैंप लगाकर जांच की गई। नौपेड़वा बाजार स्थित यूबीआई शाखा में शिविर लगाया गया। नौपेड़वा सीएचसी की टीम ने बैंक में आने वाले ग्राहकों का रजिस्ट्रेशन करते हुए कुल 159 लोगों की जांच की। स्वास्थ्य टीम के डॉ. राजेश सोनकर, डॉ. दिनेश यादव ने बताया कि कोई भी पॉजिटिव नहीं पाया गया। इस दौरान एलटी विनय कुमार, सुरेंद्र मौर्या, वार्ड ब्वाय कमलेश, मोहम्मद इंतजार, शाखा प्रबंधक उमेश सिंह, सुरेंद्र यादव, गार्ड अशोक सिंह, अजय उपाध्याय आदि मौजूद रहे। खुटहन के लवायन गांव में पिता-पुत्र के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर ग्रामीणों की जांच की। एंटीजन किट से हुए परीक्षण में संक्रमित के परिवार के दो और पड़ोस के चार लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई। सभी को एल-1 अस्पताल भेजा गया। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को 36 नए मरीज मिले हैं। जिले भर में चलाए गए अभियान में 1910 लोगों का नमूना लिया गया।