केराकत दुर्घटना में मृतक गोपाल यादव की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
- फोटो : udhampur news
जौनपुर। जिले के अलग-अलग इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों मौत हो गई। पुुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों में गाजीपुर और सुल्तानपुर जनपद के एक-एक युवक शामिल हैं।
केराकत : गाजीपुर जनपद के श्रृंगारपुर निवासी गोपाल यादव (22) अपनी बहन नेहा को बुआ के घर बकुलिया छोड़कर वापस शनिवार की रात में घर लौट रहे थे। बुआ के यहां 12 मई को शादी समारोह होनी है। कुसरना पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गोपाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रमेश यादव किसान हैं। परिवार में मां उषा देवी और तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन की शादी अभी बाकी है। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। कोतवाली प्रभारी अरबिंद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मैजिक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शाहगंज : सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के कराई गांव निवासी राजेश (29) अपने साथी अंबेडकरनगर जिले के कटका थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव निवासी मनोज कुमार (20) के साथ मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने प्रतापगढ़ गए थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फैजाबाद रोड स्थित चिरैया मोड़ के पास जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक पलट गई। हादसे में राजेश की मौत हो गई, जबकि मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
केराकत दुर्घटना में मृतक गोपाल यादव की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन- फोटो : udhampur news