09- महराजगंज क्षेत्र के सवंसा स्थित स्कूल के पास डम्फर की चपेट में आने से छात्रा की मौत के बाद रोते ब
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में साइकिल से जा रही कक्षा नौ की एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महराजगंज क्षेत्र के कुंभापुर गांव निवासी राजकुमार तिवारी की पुत्री साक्षी तिवारी (14) विपिन कुमार पांडेय बालिका इंटर कॉलेज सवंसा में कक्षा नौ की छात्रा थी। वह बुधवार की सुबह साढ़े नौ बजे साइकिल से विद्यालय जा रही थी। विद्यालय से लगभग पचास मीटर पहले मुंगराबादशाहपुर की ओर से आ रहे गिट्टी लदे डंफर ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे विद्यालय के प्रबंधक व मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर डम्पर सहित चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साक्षी के पिता मुंबई में रहते हैं। साक्षी दादा हरिशंकर तिवारी के पास रहती थी।
शाहगंज क्षेत्र के घुंघना गांव निवासी विजय शंकर उर्फ विक्की (20) अपने साथी दरोगा सोनकर (21) के साथ खुटहन थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में मौसी के घर आए थे। रात में उसने मौसी के बेटे उमाशंकर (21) को बाइक पर बैठा लिया। तीनों आजाद रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने सभी घायलों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां विजय शंकर की उपचार के दौरान मौत हो गई। दरोगा व उमाशंकर का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन रात में ही जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नेवढ़िया गांव निवासी सगे भाई हरी प्रसाद तिवारी (38) और माता प्रसाद तिवारी (42) बाइक से मुंगराबादशाहपुर से अपने घर जा रहे थे। जौनपुर- रायबरेली मार्ग पर सतहरिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मुंगराबादशाहपुर कस्बे के साहबगंज सब्जी मंडी निवासी रितिक केसरवानी(22) पुत्र राजेंद्र केसरवानी अपनी बाइक से मुंगरा बादशाहपुर से जौनपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही बाइक जौनपुर मार्ग पर पहुंची तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आकर वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। चालक स्कार्पियो समेत फरार हो गया।