कोविड की संभावित तीसरी लहर से निबटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। मरीजों को भर्ती करने के लिए 500 से अधिक बेड सुरक्षित कर लिए गए हैं। दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। संक्रमण से निबटने के लिए चिकित्सक और फार्मासिस्ट समेत 100 लोगों को ट्रेनिंग दी गई है। बच्चों के लिए अलग से वार्ड तैयार किया गया है। जिला अस्पताल के अलावा 10 सीएचसी पर ऑक्सीजन की आपूर्ति के साथ बेड की तैयारी कर ली गई है। जिला महिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग में कुल 100 बेड लगाएं हैं। जिसमें से 40 बेड पीकू वार्ड के रूप में बच्चों के लिए स्थापित किया गया है। तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है।
सीएचसी पर भी स्थापित किए गए वार्ड
कोविड के तीसरे संक्रमण को देखते हुए सतहरिया, बदलापुर, केराकत, शाहगंज, मड़ियाहूं, बरसठी, मछलीशहर, बक्शा, रेहटी जलालपुर और सुजानगंज में कोविड वार्ड बनाकर सभी जरूरी उपकरण और ऑक्सीजन की पाइपलाइन से जोड़ दिया गया है। तीसरी लहर में बच्चों के लिए अधिक खतरे का अनुमान जताया जा रहा है। इससे निपटने के लिए एमसीएच विंग अस्पताल में 40 बेड का पीकू वार्ड बना दिया गया है, ताकि बच्चों के प्रभावित होने पर उनकी जान बचाई जा सके इसके लिए जीवन रक्षक उपकरण भी लगा दिए गए हैं।
कोविड के संभावित तीसरी लहर से निबटने के लिए चिकित्सक समेत 100 पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण देकर तैयार कर दिया गया है। ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जरूरी दवाओं को मंगा लिया गया। लोग सतर्क रहे, घबराने की जरूरत नहीं है। - डा. लक्ष्मी सिंह, सीएमओ जौनपुर