जौनपुर। मीरगंज थाने के जरौना बाजार में सोमवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। मृतका भदोही जिले की निवासी थी। यहां रहकर सिलाई-कढ़ाई सीखती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। जिले भर में हुए अन्य हादसों में सात लोग घायल हो गए।
भदोही जडि।।ले के दुर्गागंज थाने के भानीपुर गांव निवासी कल्लू गौतम की पुत्री सरोजा (19) बीते एक महीने से बरसठी थानांतर्गत ग्राम सिरौली में अपने जीजा मनोज कुमार के यहां रह रही है। वह रोजाना जरौना रेलवे क्रॉसिंग के बगल सिलाई कढ़ाई सीखने जाती थी। सोमवार को भी वह सिलाई सेंटर पर जा रही थी। अचानक सड़क पार करते समय फिसल कर गिर पड़ी। जब तक संभल कर उठती तब तक सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उधर, सुजानगंज के बसरही में पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार बिरधौरपुर निवासी उमेश पुत्र (50) घायल हो गए। उसे इलाज के लिए सीएचसी सुजानगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शाहगंज नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित विद्युत उपकेंद्र के समीप सुबह बाइक की चपेट में आने से शोभावती (40) पत्नी केशव लाल निवासी सुरिस घायल हो गईं। वहीं सुल्तानपुर मार्ग स्थित योगी तिराहा के समीप रविवार की शाम अनियंत्रित होकर बाइक से गिरने से बाइक सवार सूरज (19) व अभय (20) निवासी भटौली घायल हो गए। वहीं सरपतहां थाना क्षेत्र के जहीरूददीनपुर गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सरदार हुसैन (20) निवासी शेख मोहीमीद गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उधर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में दो बाइक की टक्कर में मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर रामदयाल गंज निवासी बाइक सवार महेंद्र गुप्ता (24) और राज निषाद (22) निवासी उत्तरगावां थाना जफराबाद घायल हो गए। दोनो घायलों को पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां पर महेंद्र की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।