05- शहर कोतवाली क्षेत्र के मुल्ला टोले में पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर किशोर द्वारा की गई आत्म हत?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। शहर के मुल्लाटोला मोहल्ले में शनिवार को युवक ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घरवालों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि एक युवती की झूठी शिकायत पर यूपी-112 के कर्मचारियों ने युवक को पकड़कर पीटा और उससे 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। पुलिस के पहुंचने पर गांव वालों ने विरोध प्रदर्शन किया। किसी तरह शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पुलिस अधीक्षक ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुल्लाटोला निवासी असलम का पुत्र मो.राजू (22) अपने पिता के साथ घर की रंगाई का काम करता था। शनिवार को वह पिता के साथ काम पर नहीं गया। घरवालों के मुताबिक वह मुहल्ले के पास गोमती नदी के किनारे मोबाइल फोन पर टिकटाक वीडियो बना रहा था। उसी दौरान डायल 112 बाइक सवार एक सिपाही और एक होमगार्ड गोमती नदी के किनारे पहुंचे। मोबाइल से किसी लड़की को फोन कर परेशान करने की बात कहते हुए युवक को थाने ले जाने लगे। पुलिस को देखकर मुहल्ले के लोग जुट गए। युवक की मां भी पहुंच गई। आरोप है कि दो हजार रुपये लेकर पुलिसकर्मी उसे छोड़कर चले गए। थोड़ी देर बाद वही पुलिसकर्मी दोबारा युवक के घर पहुंच गए और 18 हजार रुपये की और मांग की। कहा कि इतने पैसे का इंतजाम जल्दी से कर दो नहीं तो जेल भेज देंगे। परिवार की माली हालत का हवाला देकर मिन्नत की मगर बात न बनने पर युवक की मां ने पैसे का इंतजाम करने के लिए दो घंटे की मोहलत मांगी। वह कर्ज लेने मोहल्ले में चली गई। कुछ देर बाद लौटी तो राजू का शव कमरे में पंखे के सहारे रस्सी के फंदे पर झूल रहा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बाद में सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह, नगर कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया तो दो घंटे बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। देर शाम एसपी अशोक कुमार ने भी कोतवाली पहुंचकर मृतक के पिता से पूछताछ की। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सीओ सिटी की बातों में अगर-मगर बहुत
परिजनों के आरोप पर सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह का कहना था कि युवक नदी के किनारे किसी लड़की के साथ टिकटाक वीडियो बना रहा था। उधर से गुजर रही पुलिस की नजर पड़ी तो पूछताछ करने लगी। लड़की को उसके घर भेज दिया और लड़के को लेकर उसके घर पहुंची और उसके पिता को सारी बात बताई। उसके पिता ने मोबाइल लाकर दिखाने का दबाव बेटे पर बनाया। युवक को ऐसा लगा होगा कि मोबाइल घर वाले देंखेंगे तो नाराज होंगे। यही सोचकर उसने फांसी लगा ली होगी। परिवार के लोग जो आरोप लगा रहे हैं, उस पर भी जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।