शाहगंज। क्षेत्र के बाबू पुरवा के समीप तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। घायल को उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया।
क्षेत्र के बाबू पुरवा (बड़ागांव) के समीप शनिवार की शाम साढ़े छह बजे सराय मोहिऊद्दीनपुर की तरफ से तेज गति से आ रही बाइक से विपरीत दिशा से आ रहे साइकिल सवार की टक्कर हो गई। हादसे में साइकिल सवार राम अवतार उर्फ गोपाल (40) पुत्र सतई निवासी शेखवलिया (रसूलपुर) और बाइक सवार मनीष सिंह (45) पुत्र साहब लाल सिंह निवासी कटार थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राम अवतार को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।