जौनपुर। मछलीशहर नगर में फ्रांस निर्मित सामानों के बहिष्कार और राष्ट्रपति का आपत्तिजनक पोस्टर लगाते तीन युवकों को पुलिस ने रविवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। तीनों युवक मछलीशहर कस्बे के ही रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद उन्हें संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया है।
नगर के सराय मोहल्ले से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर रविवार की शाम तीन युवक पोस्टर चस्पा कर रहे थे। पोस्टर पर फ्रांस निर्मित सामानों के बहिष्कार की अपील के साथ ही वहां के राष्ट्रपति की आपत्तिजनक तस्वीर भी थी। मुखबिर की सूचना पर तत्काल हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टर हटवाकर उसे कब्जे में ले लिया। एसओ दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि पकड़े गए युवक मोहम्मद समीर, अब्दुल और महताब नगर के ही निवासी हैं। उन्हें संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।